
शशि मिश्रा
बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर कुमार साहब स्व. दिलीप सिंह जूदेव शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल कोनी द्वारा 12 मई मंगलवार को निःशुल्क गर्भाशय कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। संयुक्त संचालक सह चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शिविर अस्पताल परिसर में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक लगेगा। शिविर में 35 से 55 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं की जांच की जाएगी। ऐसी महिलाएं जिन्हें असामान्य रक्तस्राव, सफेद पानी की समस्या, पेट दर्द अथवा मासिक धर्म संबंधी अनियमितताओं की शिकायत है, उन्हें जांच कराने की सलाह दी गई है। आवश्यकता अनुसार पैप स्मीयर जांच भी की जाएगी। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है लेकिन समय पर पहचान और उपचार से इसे रोका जा सकता है। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन और छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) मेडिकल कॉलेज के सहयोग से किया जा रहा है। शिविर में शामिल होने पंजीयन के लिए क्यूआर कोड जारी किया गया है। इच्छुक महिलाएं 11 मई की शाम 5 बजे तक अपना पंजीयन करा सकती हैं।
