
शशि मिश्रा
डिलवरी के दौरान कोरियर ब्याय की गाड़ी से 18 किलो चांदी के जेवर से भरा पार्सल रास्ते में गिर गया। सराफा व्यापारी ने पार्सल गिरने की शिकायत कोतवाली थाने में की है। दूसरे दिन भी पार्सल नहीं मिल पाया है।
कोतवाली टीआई देवेश सिंह राठौर ने बताया, सदरबाजार स्थित प्रतिमा ज्वेलर्स के संचालक अमितेश गुप्ता ने गुजराज राजकोट से कोरियर के माध्यम से चांदी के जेवर मंगाए थे। 9 मई को एडलर लाजिस्टिक के माध्यम से दो पार्सल में चांदी के जेवर शहर आए। कोरियर ब्याय दोनो पार्सल बोरी में बांधकर बाइक से उसे छोड़ने के लिए सदरबाजार प्रतिमा ज्वेलर्स जा रहा था। शिव टाकीज चौक से पुराना बस स्टैण्ड के पास 18 किलो चांदी के जेवर से भरा एक पार्सल रास्ते में गिर गया। डिलवरी ब्याय को पता नहीं चला और वह प्रतिमा ज्वेलर्स पहुंच गया। वहां जाकर देखा तो बोरी खुली थी और एक पार्सल गायब था। उसने एक चांदी के जेवर का पार्सल सराफा व्यापारी श्री गुप्ता को दिया और दूसरा पार्सल रास्ते में गिर जाने की जानकारी दी। सराफा व्यापारी श्री गुप्ता ने कोतवाली थाने जाकर पार्सल गिर जाने की लिखित शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने शिव टाकीज से पुराना बस स्टैण्ड तक सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिमें बोरी खुली हुई दिख रही है। बहरहाल दूसरे दिन भी जेवर से भरे पार्सल का पता नहीं चल पाया है।
