
शशि मिश्रा
बिलासपुर। रेल प्रशासन ने बिलासपुर डिवीजन के बिलासपुर और उसलापुर रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुविधा के लिए इकोनामी मील जनता भोजन के स्टॉल अलग से खोलने के आदेश दिए हैं, ताकि जनरल कोच के यात्रियों को इसकी सुविधा मिल सके।
रेल प्रशासन के अनुसार ग्रीष्मकालीन मौसम के दौरान ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए सामान्य श्रेणी जनरल कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों की विशेष सुविधा तथा उन्हें किफायती दरों पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल के बिलासपुर, उसलापुर, रायगढ़, अनूपपुर रेलवे स्टेशनों पर इकोनॉमी मील जनता खाना के स्टॉल खोले गए हैं। यह स्टॉल प्लेटफॉर्म के साथ ही साथ विशेष रूप से ट्रेनों के जनरल कोच के सामने लगाए जा रहे हैं, ताकि सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को आसानी से किफायती एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध हो सके। यह पहल मंडल रेल प्रबंधक राकेश
रंजन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में शुरू की गई है। इस सुविधा का विस्तार मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों में भी शीघ्र प्रारंभ करने की योजना बनाई जा रही है।
इन स्टॉलों में यात्रियों को मात्र 20 रुपए में पूड़ी-सब्जी अथवा लेमन राइस जैसे पौष्टिक भोजन विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त यात्रियों की पेयजल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए 14 रुपए में एक लीटर पैकेज्ड पेयजल रेल नीर भी दिया जा रहा है। उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक खाद्य एवं पेय सामग्री उचित मूल्य पर आसानी से उपलब्ध हो रही है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि ग्रीष्मकालीन मौसम में अत्यधिक भीड़ के दौरान इकोनॉमी मील जनता खाना जैसी पहल सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
