

बिलासपुर :- प्रदेश की प्रसिद्ध आस्था स्थली लुतरा शरीफ दरगाह की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने अहम फैसला लिया है। बोर्ड ने बिलासपुर निवासी चांद मोहम्मद को दरगाह खिदमत सेवा समिति का सदस्य नियुक्त किया है। नियुक्ति आदेश वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज की ओर से जारी किया गया।
जारी आदेश के मुताबिक चांद मोहम्मद, जो रेलवे कॉलोनी बंगला यार्ड क्षेत्र के निवासी हैं, अब दरगाह में सेवा, समन्वय और जायरीन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी निभाएंगे। समिति में उनकी नियुक्ति को दरगाह प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लुतरा शरीफ दरगाह प्रदेश ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों के श्रद्धालुओं के बीच भी खास पहचान रखती है। यहां सालभर बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं, जिसके चलते व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना समिति की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है।
बताया जा रहा है कि समिति में नए सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से दरगाह परिसर में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, साफ-सफाई, अनुशासन और सेवा कार्यों को और व्यवस्थित करने पर जोर दिया जाएगा।
चांद मोहम्मद लंबे समय से सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उनकी नियुक्ति के बाद स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि वे दरगाह की गरिमा और व्यवस्थाओं को और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
नियुक्ति की खबर सामने आते ही उनके समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल देखा गया। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि वे सेवा भावना के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे।
