

बिलासपुर/मल्हार। शादी समारोह में शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने युवक का कान दांत से काटकर अलग कर दिया। मामले में मल्हार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार, धनगवां निवासी मनिकेश पाटले (26) ने चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जून 2026 को भारत पाटले के घर आयोजित शादी समारोह में किसान परसदा निवासी मोहित कुर्रे (43) भी शामिल था। समारोह के दौरान मोहित ने मनिकेश से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगा।
आरोप है कि विवाद के दौरान मोहित कुर्रे ने मनिकेश के कान को दांत से काट लिया, जिससे उसका कान गंभीर रूप से घायल होकर अलग हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने परिजनों को जानकारी दी और अगले दिन सुबह चौकी मल्हार पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मल्हार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित कुर्रे को ग्राम धनगवां से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
मामले की पूरी कार्रवाई मल्हार पुलिस द्वारा की गई।
