
शशि मिश्रा
जांजगीर-चांपा। जिले के सारागांव थाना क्षेत्र में यातायात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी घटना टल गई। हाइवे रोड स्थित उत्तम ढाबा के पास लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार लेकर राहगीरों को धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम 6 मई को सारागांव हाइवे रोड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे राहगीरों से सूचना मिली कि हथनेवरा निवासी प्रकाश सूर्यवंशी (30 वर्ष) उत्तम ढाबा के पास लोहे के धारदार कत्तानुमा हथियार के साथ लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही यातायात शाखा चांपा की पेट्रोलिंग टीम, उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची। टीम में आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले और सुनील सिंह राजपूत शामिल थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से पकड़ लिया और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को होने से पहले ही रोक दिया।
घटना स्थल थाना सारागांव क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण आरोपी को सारागांव पुलिस के सुपुर्द किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
