
शशि मिश्रा
बिलासपुर। भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत देने के लिए रेल प्रशासन ठंडा पानी, शरबत के साथ अब छांछ का वितरण कर रहा है, जिससे यात्रियों को भी सुविधाएं मिल रही है। रेलवे की ओर से गाड़ी संख्या 11753 के सामान्य कोच में यात्रा कर रहे यात्रियों को ठंडक और राहत प्रदान करने हेतु छाछ का निःशुल्क वितरण किया गया। इसी तरह बिलासपुर मंडल के भारत स्काउट एंड गाइड द्वारा बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर निःस्वार्थ भाव से जल वितरण सेवा निरंतर संचालित की जा रही है। यह सराहनीय पहल न केवल यात्रियों को शीतलता प्रदान कर रही है, बल्कि सेवा, सहयोग एवं मानवता के उत्कृष्ट मूल्यों को भी सुदृढ़ कर रही है। 26 अप्रैल से प्रारंभ इस सेवा अभियान के अंतर्गत स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर सदस्य पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ स्टेशन परिसर में यात्रियों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं। भीषण गर्मी के दौरान यह सेवा यात्रियों के लिए अत्यंत राहतकारी सिद्ध हो रही है, जिसकी व्यापक सराहना भी की जा रही है। सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सहयोग, संवेदनशीलता एवं परोपकार की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
