
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां ठग ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर युवती से डेढ़ लाख रुपये से अधिक की रकम पार कर ली। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड ऑफर का झांसा देकर एक एप डाउनलोड कराया और ओटीपी हासिल कर ट्रांजेक्शन कर लिए।
पुलिस के अनुसार, मुंगेली नाका निवासी 26 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि 17 मार्च को उसे एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एचडीएफसी बैंक का अधिकारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड का आकर्षक ऑफर दिया। इसके बाद उसने युवती को “पे-जैप” नामक एप डाउनलोड करने के लिए कहा।
आरोपी ने कार्ड लिमिट सेट करने का झांसा देकर युवती के मोबाइल पर आए ओटीपी की जानकारी ले ली। ओटीपी साझा करते ही आरोपी ने दो दिनों के भीतर अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर लिए। 16 और 17 मार्च को कुल 1 लाख 5 हजार रुपये निकाल लिए गए। घटना की जानकारी युवती को तब हुई, जब उसे ट्रांजेक्शन से संबंधित मैसेज प्राप्त हुए।
पीड़िता ने बताया कि कॉल करने वाले ने अपना नाम राकेश मित्तल बताया था और अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क किया। ठगी में प्रयुक्त कार्ड की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।
शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान कॉल पर ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध एप डाउनलोड करने से बचें।
