तेज रफ्तार के चलते डिवाइडर पर चढ़ी कार, कई मीटर तक घिसटती चली गई

शशि मिश्रा


बिलासपुर। शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित कार डिवाइडर पर चढ़कर कई मीटर तक घिसटती हुई बीच सड़क में फंस गई। घटना मिशन अस्पताल–सिम्स चौक के पास लखीराम ऑडिटोरियम के सामने की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज गति में थी और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सीधे डिवाइडर पर चढ़ गया। टक्कर के बाद कार काफी दूरी तक घिसटती रही और अंततः डिवाइडर पर ही अटक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार को डिवाइडर से हटाया, जिससे यातायात बहाल हो सका। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्राथमिक जांच में लापरवाह और तेज रफ्तार ड्राइविंग को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!