

बिलासपुर, 5 मई 2026। थाना सीपत पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करते हुए उसे चूहा मारने की दवा जबरन पिला दी थी।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मचखंडा निवासी 65 वर्षीय रामरतन सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में हत्या और मारपीट जैसे गंभीर प्रकरण भी दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्रकरण के संबंध में पीड़िता ने 4 मई 2026 को थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसका पति लंबे समय से उस पर चरित्र को लेकर संदेह करता था और इसी बात को लेकर अक्सर विवाद व मारपीट करता था। घटना 8 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है, जब आरोपी ने घर में चूहे अधिक होने का हवाला देकर पत्नी को चूहा मारने की दवा लाने के लिए कहा।
पीड़िता द्वारा दवा लाने के बाद आरोपी उसे बहाने से घर से बाहर कुम्हिया खार क्षेत्र में ले गया, जहां उसने जबरदस्ती दवा पिला दी। दवा के असर से महिला बेहोश हो गई। बाद में उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन दिन बाद होश में आने पर उसने घटना की जानकारी अपने पुत्र को दी।
पुलिस ने मामले को हत्या के प्रयास के रूप में दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि समय पर उपचार मिलने के कारण पीड़िता की जान बच गई, अन्यथा घटना गंभीर परिणाम ले सकती थी। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
