चलती स्कूटी पर ‘रोमांस’ का वीडियो वायरल, चालक पर एफआईआर दर्ज


बिलासपुर, छत्तीसगढ़। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर कोनी थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वीडियो में एक स्कूटी पर सवार तीन युवकों की खतरनाक हरकतें सामने आई हैं, जिसमें चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी करता दिखाई दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे की है। वायरल वीडियो में स्कूटी (क्रमांक सीजी 10 बीक्यू 3241) पर तीन लोग सवार नजर आ रहे हैं। चालक लापरवाहीपूर्वक स्कूटी को लहराते हुए चला रहा था, जबकि पीछे बैठे युवक-युवती सरेराह आपत्तिजनक तरीके से रोमांस करते दिख रहे थे।
इस दौरान तीनों ने न तो हेलमेट पहना था और न ही किसी प्रकार के यातायात सुरक्षा नियमों का पालन किया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल वाहन सवारों के लिए, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं।
बताया जा रहा है कि पास से गुजर रहे एक कार चालक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। जांच के दौरान कोनी पुलिस ने स्कूटी नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की लापरवाही और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!