

बिलासपुर। थाना सकरी पुलिस ने चोरी की वारदात का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार साईं नगर उस्लापुर निवासी नीता बघेल ने 13 जून को थाना सकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह कृष्णा अस्पताल में झाड़ू-पोछा का काम करती हैं। 12 जून की रात ड्यूटी पर जाने से पहले उन्होंने घर में ताला लगाया था। अगले दिन सुबह घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और आलमारी में रखे चांदी के पायल, कमरबंद, सोने के कान के जेवर, फुल्ली तथा करीब एक हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी ने विशेष टीम गठित की। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
डॉग मास्टर राम मिलन सिंह द्वारा पुलिस डॉग को घटनास्थल से मिले सुरागों की गंध सूंघाई गई। डॉग संदिग्धों के ठिकाने साईं नगर उस्लापुर तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने विकास चतुर्वेदी (24) और अमन टंडन (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए चांदी के पायल, दो कमरबंद, सोने के कान के जेवर और फुल्ली बरामद कर जब्त कर लिए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के त्वरित खुलासे में सकरी पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की संयुक्त कार्रवाई निर्णायक साबित हुई।
