बीमार मां के इलाज के लिए कार बेचने निकले युवक से 4.51 लाख की ठगी, सात माह बाद दर्ज हुई एफआईआर


बिलासपुर, छत्तीसगढ़। आर्थिक संकट और पारिवारिक मजबूरी का फायदा उठाकर जालसाजों ने एक युवक से 4.51 लाख रुपये की ठगी कर ली। बीमार मां के इलाज के लिए अपनी कार बेचने निकले पीड़ित को आरोपियों ने भरोसे में लेकर न केवल वाहन हड़प लिया, बल्कि तय रकम भी नहीं चुकाई। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कतियापारा निवासी सर्वेश कुमार कश्यप (46) की मां लंबे समय से बीमार हैं। इलाज के बढ़ते खर्च के चलते सर्वेश ने अपनी सफेद ग्लेंजा कार (क्रमांक सीजी 04 एमटी 0027) बेचने का निर्णय लिया। वाहन का सौदा 5.11 लाख रुपये में तय हुआ।
कार बेचने के लिए सर्वेश ने अपने परिचित विक्की सिदारा उर्फ विजय, निवासी दयालबंद, से संपर्क किया। विक्की ने सहानुभूति जताते हुए कार बिकवाने का भरोसा दिलाया और 7 सितंबर को सर्वेश को कार सहित रायपुर ले गया। वहां उसकी मुलाकात संजय महानंदा, निवासी गांधीनगर, से कराई गई, जहां कथित तौर पर ठगी की साजिश रची गई।
मौके पर ही वाहन का बिक्रीनामा तैयार कर 5.11 लाख रुपये में सौदा तय किया गया। आरोपियों के झांसे में आकर सर्वेश ने सभी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर दिए और कार वहीं छोड़ दी। विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने पहले 1 रुपये और बाद में 60 हजार रुपये सर्वेश के खाते में ट्रांसफर किए।
इसके बाद आरोपियों ने शेष राशि देने में टालमटोल शुरू कर दी। पीड़ित लगातार सात माह तक 4.51 लाख रुपये के लिए चक्कर लगाता रहा, लेकिन हर बार ‘सर्वर डाउन’ या ‘बाहर हूं’ जैसे बहाने बनाए जाते रहे। अंततः आरोपियों ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और धमकी देना भी शुरू कर दिया।
थक-हारकर सर्वेश ने सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!