

बिलासपुर, 27 अप्रैल 2026। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदी कला टोना में एक युवक के साथ लगातार मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़ित आशुतोष चौहान ने पुलिस को बताया कि वह ईवी बाइक स्पेयर पार्ट्स सेल्स का काम करता है और रोजाना काम पर आने-जाने के दौरान गांव के कुछ असामाजिक तत्व उसे परेशान करते हैं। शिकायत के अनुसार, 24 अप्रैल को वह अपने दोस्त कृष्णा कौशिक के घर एक शादी कार्यक्रम में जा रहा था, तभी रास्ते में विशाल मरकाम, नीरज कौशिक उर्फ मोनू और शिव यादव ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि तीनों ने पहले गाली-गलौज की और फिर आशुतोष के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी आरोपियों द्वारा उसके साथ तीन बार मारपीट की जा चुकी है। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों का व्यवहार अत्यंत आक्रामक है और वे अक्सर गांव में दहशत का माहौल बनाकर रखते हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो अपलोड कर भय का वातावरण बनाने का प्रयास करते हैं। इस कारण क्षेत्र के लोग भी असुरक्षा महसूस कर रहे हैं।
मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन भयमुक्त जीवन जी सकें।
