

बिलासपुर – 27 अप्रैल 2026
ग्रीष्म ऋतु की भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत प्रदान करने एवं सेवा भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के भारत स्काउट एंड गाइड द्वारा दिनांक 26 अप्रैल 2026 को बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जल वितरण सेवा का शुभारंभ किया गया। सीनियर डीसीएम एवं जिला आयुक्त स्काउट श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यात्रियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल वितरण की उपलब्ध कराई गई इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जिसमें जिला आयुक्त रोवर श्री यू. एस. एस. राव की उपस्थिति रही। इस सेवा अभियान में स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अनुशासन, समर्पण एवं सेवा भाव का उत्कृष्ट परिचय दिया। कार्यक्रम का संचालन राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) श्री दिलीप कुमार स्वाईं, जिला सचिव श्री संजय मेश्राम तथा सहायक जिला संगठन आयुक्त श्री जी. लोकेश राव के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सीनियर डीसीएम श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सहयोग एवं मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। यह सेवा ग्रीष्म काल तक जारी रहेगी जिससे यात्रियों को शीतल पेयजल की सुविधा प्राप्त होती रहेगी।
