

मस्तूरी (बिलासपुर), 27 अप्रैल 2026। थाना मस्तूरी अंतर्गत चौकी मल्हार पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सात दिनों के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को प्रार्थी भारत लाल केवट, निवासी ग्राम पकरिया (थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा), अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 BH 4552) से अपने ससुराल ग्राम वेदपरसदा, मस्तूरी आया हुआ था। वापसी के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी और बाइक पर बैठ गया।
बताया गया कि चौकी मल्हार क्षेत्र के ग्राम बुढ़िखार पहुंचने पर आरोपी ने प्रार्थी को पानी पाउच लाने के बहाने होटल भेज दिया। जैसे ही प्रार्थी होटल गया, आरोपी मौके का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद प्रार्थी ने काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसने चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर आरोपी की तस्वीरें विभिन्न गांवों में दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया गया।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गीधपुरी निवासी 55 वर्षीय नरोत्तम दास वैष्णव ने चोरी की मोटरसाइकिल को अपने घर में कपड़े से ढककर छिपा रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज, आरक्षक किशन राय एवं आरक्षक श्यामलाल सोनवानी की विशेष भूमिका रही।
