अपार्टमेंट चोरी का खुलासा: अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, मेरठ से आरोपी दबोचा


बिलासपुर, 27 अप्रैल 2026। शहर के रिहायशी अपार्टमेंट्स में हुई सिलसिलेवार चोरियों का खुलासा करते हुए बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मेरठ निवासी शातिर आरोपी ताज मोहम्मद (34) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 35.34 ग्राम गला हुआ सोना (कीमत लगभग 4.99 लाख रुपये) बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 20 दिनों तक दिल्ली, मेरठ सहित संभावित ठिकानों पर डेरा डालकर सूक्ष्म जानकारी जुटाई, जिसके बाद 24 अप्रैल 2026 को आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार करने में सफलता मिली।



28 सितंबर 2025 को साकेत अपार्टमेंट और रियल हेवन अपार्टमेंट (मंगला चौक) में दिनदहाड़े चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं सामने आई थीं। आरोपियों ने फ्लैट के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान पार कर दिए थे। एक घटना में पड़ोसियों की नजर पड़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इन मामलों में थाना सिविल लाइन में बीएनएस की धाराओं के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए थे।

घटना के बाद पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, फिंगरप्रिंट जुटाए और डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपियों के भागने के रास्तों का पता लगाया। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर तस्वीरें विभिन्न राज्यों की पुलिस को भेजी गईं, जिससे आरोपियों की पहचान दिल्ली-मेरठ निवासी ताज मोहम्मद और वसीम मोहम्मद के रूप में हुई।


पुलिस जांच में सामने आया कि ताज मोहम्मद के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, जयपुर, अलीगढ़, लुधियाना और मेरठ समेत विभिन्न शहरों में 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसका साथी वसीम मोहम्मद पहले ही दिल्ली पुलिस द्वारा एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए ताज मोहम्मद लगातार ठिकाने बदल रहा था और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी बंद कर चुका था। तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और संपर्कों की निगरानी के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया गया।


पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ बिलासपुर आकर अपार्टमेंट्स की रेकी करता था और मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के जेवरों को पहचान छिपाने के लिए खुद ही गलाकर रखता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सोना गलाने की चिमनी भी जब्त की है।


पुलिस टीम को सराहना


इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक एस.आर. साहू, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच जारी है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!