ओवरटेक विवाद में प्रभारी कुलपति के साथ मारपीट मामले में तोरवा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, फॉर्च्यूनर वाहन जब्त


बिलासपुर, 25 अप्रैल 2026। तोरवा थाना क्षेत्र में ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर वाहन को भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 23 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे की है, जब अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में प्रभारी कुलपति के पद पर कार्यरत प्रार्थी अपने निजी वाहन से विश्वविद्यालय जा रहे थे। स्वास्तिक अस्पताल के पास पहुंचने पर फॉर्च्यूनर वाहन (CG 10 AT 0017) के चालक और उसके साथी ने ओवरटेक को लेकर विवाद शुरू कर दिया।


आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट की। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन के पंजीयन के आधार पर मालिक की पहचान की। पूछताछ में पता चला कि घटना वाहन मालिक के साले द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर अंजाम दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने ग्राम भदौरा थाना मस्तुरी निवासी 32 वर्षीय लाखन सिंह और 29 वर्षीय जयप्रकाश राठौर को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!