

बिलासपुर, 25 अप्रैल 2026। बिलासपुर पुलिस ने शहर में हुई दिनदहाड़े चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने दिल्ली–मेरठ क्षेत्र में करीब 20 दिनों तक लगातार अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन क्षेत्र में 28 सितंबर 2025 को साकेत अपार्टमेंट के फ्लैट क्रमांक L-201 और B-15 तथा रियल हेवन के एक फ्लैट में अज्ञात आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में अपराध क्रमांक 1124, 1125 और 1127/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना सिविल लाइन और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश) निवासी ताज मोहम्मद के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एक कुख्यात और शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न राज्यों के अलग-अलग थानों में चोरी और लूट के 47 से अधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस टीम ने पिछले 20 दिनों तक दिल्ली–मेरठ क्षेत्र में डेरा डालकर निगरानी और दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद 25 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ कर अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
