
शशि मिश्रा

बिलासपुर, 25 अप्रैल 2026।
विवादों में रहने वाले गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय एक बार फिर नये विवादों में घिर गया है। विश्वविद्यालय के लॉ विभाग के कुछ छात्रों पर धार्मिक एवं ऐतिहासिक महापुरुषों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करने का आरोप लगा है। घटना के बाद कैंपस में तनाव का माहौल बन गया है और मामला पुलिस तक पहुंचने की स्थिति में है।
व्हाट्सएप चैट से शुरू हुआ विवाद

विवाद की शुरुआत विवेकानंद हॉस्टल में छात्रों के बीच हुई एक व्हाट्सएप चैट से हुई। चैट में एक छात्र ने भगवान श्रीराम को लेकर आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया। इसके बाद बातचीत में भगवान परशुराम और भीमराव अंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों पर भी विवादित टिप्पणियां की गईं।
छात्रों के दो गुट आमने-सामने
मामला सामने आने के बाद हॉस्टल के छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए, जिससे कैंपस में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन सक्रिय है और परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन और पुलिस सतर्क
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आक्रोशित छात्र संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और प्रारंभिक जानकारी जुटा रही है। जल्द ही एफआईआर दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है।

संगठनों का विरोध, प्रदर्शन की तैयारी
घटना की विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कड़ी निंदा की है। दोनों संगठनों ने इस मुद्दे को लेकर शनिवार दोपहर 3 बजे विश्वविद्यालय परिसर में बड़े प्रदर्शन की घोषणा की है।
संवेदनशील धार्मिक और सामाजिक विषयों से जुड़ा यह मामला विश्वविद्यालय के माहौल को प्रभावित कर रहा है। प्रशासन और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है।
