वार्ड 29 की मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, 201 नाम दूसरे वार्ड में शिफ्ट, कांग्रेस ने कलेक्टर से की शिकायत


बिलासपुर,
नगर निगम चुनाव से पहले बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में मतदाता सूची को लेकर विवाद सामने आया है। वार्ड क्रमांक 29 की संशोधित वोटर लिस्ट से 201 मतदाताओं के नाम गायब होने का मामला सामने आया है, जिसे लेकर कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से शिकायत कर तत्काल सुधार की मांग की है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। इसमें आरोप लगाया गया कि एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) के बाद प्रकाशित मतदाता सूची के भाग संख्या 201 और 203, जिन्हें नगर निगम नामावली में भाग संख्या 6 और 8 के रूप में शामिल किया गया है, उनमें से 201 मतदाताओं के नाम त्रुटिपूर्ण ढंग से हटा दिए गए हैं।


प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि यह गड़बड़ी बीएलओ की लापरवाही का परिणाम प्रतीत होती है, जिसके चलते संबंधित मतदाताओं को वार्ड क्रमांक 29 के बजाय गलत तरीके से वार्ड क्रमांक 28 में स्थानांतरित कर दिया गया है। जबकि सभी प्रभावित मतदाता वार्ड 29 के ही निवासी हैं।
नेताओं ने बताया कि 22 अप्रैल को पटवारी, बीएलओ और अन्य अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया गया था, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि सभी 201 मतदाता वार्ड 29 के ही निवासी हैं। इसके बावजूद सूची में सुधार नहीं किया गया। इससे पहले 17 अप्रैल को दावा-आपत्ति की प्रक्रिया के तहत इस संबंध में विधिवत आपत्ति भी दर्ज कराई जा चुकी है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि वार्ड चुनाव में जीत-हार का अंतर अक्सर बेहद कम होता है, ऐसे में 201 मतदाताओं के नाम हटाकर अन्य वार्ड में जोड़ना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द त्रुटि सुधार कर मतदाताओं के अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भरत कश्यप, शिबली मिराज, संतोष गर्ग, मोहम्मद आजम, तरुण यादव, विवकी यादव, सुजल खरे, नरेंद्र टंडन, जयपाल निर्मलकर, दीपक कौशिक, तस्लीम खान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!