बिलासपुर में दो वारदातें: पत्नी पर चाकू से हमला कर पति फरार, इमलीपारा से कार और बाइक चोरी


बिलासपुर।
शहर में रविवार देर रात और बीते दिनों हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर घरेलू विवाद में पति द्वारा पत्नी पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है, वहीं दूसरी ओर शहर के पॉश इलाके से कार और बाइक चोरी की घटनाएं भी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चरित्र संदेह में पत्नी पर हमला, आरोपी फरार
सरकंडा क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद पति द्वारा पत्नी पर जानलेवा हमला करने की घटना सामने आई है। पीड़िता अफसाना बेगम ने पुलिस को बताया कि उसने अरबाज खान से प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे हैं।
शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपी पति पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए विवाद करता था और मारपीट करता था। 20 अप्रैल की रात करीब 12 बजे दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर अरबाज ने चाकू से अफसाना के बाएं जांघ पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आरोपी घर का सामान बाहर फेंकते हुए पत्नी को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घायल महिला ने अपनी सास शबनम बेगम को घटना की जानकारी दी और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इमलीपारा से कार चोरी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस


दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इमलीपारा की है, जहां होटल टोपाज के सामने खड़ी कार चोरी हो गई। मसानगंज निवासी मोहम्मद अलीम खान ने बताया कि वह अपने परिचित मोतीलाल कुरें की कार (सीजी 10 एफ 3055) चलाना सीख रहे थे।
उन्होंने 14 अप्रैल को कार होटल के सामने लॉक कर खड़ी कर दी थी। 18 अप्रैल को जब वे गाड़ी लेने पहुंचे, तो कार वहां से गायब थी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
लापरवाही पड़ी भारी, मिनटों में बाइक पार
तीसरी घटना में रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुभाष पेट्रोल पंप के पास से एक बाइक चोरी हो गई। ग्राम कॉरबाभांवर निवासी किशोर कुमार इंदुवा अपनी बाइक खड़ी कर बाथरूम के लिए गए थे और जल्दबाजी में चाबी लगी छोड़ दी थी।
कुछ ही मिनटों में लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। पीड़ित ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बिलासपुर में सामने आई इन घटनाओं ने एक ओर घरेलू हिंसा की गंभीरता को उजागर किया है, वहीं दूसरी ओर चोरी की बढ़ती वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाया है। पुलिस द्वारा जांच जारी है, लेकिन नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!