बिल्हा के मोहतरा में दो पक्षों में हिंसक झड़प, लाठी-डंडे चले; एक गंभीर, सिम्स रेफर


बिलासपुर/बिल्हा।
बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतरा में रविवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडों और हाथ में पहने कड़े (चूड़ा) से एक-दूसरे पर हमला किया गया। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया, जिसे इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष के भी कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मंदिर के पास शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, ग्राम मोहतरा निवासी आयुष बरगाह रविवार रात करीब 11 बजे अपने पिता राजेश बरगाह को बुलाने मंदिर के पास पहुंचा था। आरोप है कि वहां गांव के दीपक, रूपेश, अन्नु और चंद्रराज उसके पिता को घेरकर डंडों से मारपीट कर रहे थे।
आयुष ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे भी निशाना बनाते हुए मारपीट की। हमले में राजेश बरगाह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया।
दूसरे पक्ष का पलटवार आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष के रूपेश मेहर ने घटना को लेकर अलग बयान दिया है। उसके मुताबिक, वह अपने एक मित्र के साथ महामाया चौक घूमने गया था, जहां राजेश क्षत्रिय और आयुष क्षत्रिय ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की।
विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ में पहने चूड़ा से उसके सिर और कमर पर हमला कर दिया। रूपेश के अनुसार, उसका भाई दीपक मौके पर पहुंचा और उसे बचाया।
दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज
घटना के बाद बिल्हा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घायलों का मेडिकल परीक्षण करवा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवाद के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम मोहतरा में हुई यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते आपसी विवाद और हिंसा की गंभीर स्थिति को दर्शाती है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!