48 घंटे में दो ठेकेदारों से लूट, मजदूर दिलाने के नाम पर सक्रिय गिरोह का कारनामा


बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। कोनी थाना क्षेत्र में बाहरी राज्यों से आने वाले ठेकेदारों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का मामला सामने आया है। पिछले 48 घंटे के भीतर बिहार और मध्य प्रदेश के दो ठेकेदारों से कुल 86 हजार रुपये की लूट की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 14 अप्रैल की है, जब बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी ठेकेदार सुनील कुमार यादव मजदूरों की तलाश में बिलासपुर पहुंचे थे। आरोप है कि अभय सिंह उईके ने उन्हें फोन कर अपने झांसे में लिया और बिलासपुर रेलवे स्टेशन से रिसीव कर कोनी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास सुनसान स्थान पर ले गया। वहां आरोपियों ने मारपीट कर सुनील का बैग लूट लिया, जिसमें 45 हजार रुपये नगद, चेकबुक और एटीएम कार्ड रखे थे।
दूसरी घटना 15 अप्रैल को हुई, जब मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के ठेकेदार दशरथ कुमार द्विवेदी को भी मजदूर उपलब्ध कराने के बहाने बिलासपुर बुलाया गया। आरोपियों बीरू, मनोज और प्रकाश ने उन्हें ऑटो में बैठाकर अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के पीछे सुनसान मैदान में ले जाया। वहां मौका पाकर बदमाशों ने 35 हजार रुपये झपट लिए। इससे पहले आरोपियों ने उनसे 6 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से भी ट्रांसफर करवा लिए थे।
चार आरोपियों पर केस दर्ज
कोनी थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों प्रकरणों में अभय सिंह उईके, प्रकाश, मनोज और बीरू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत अलग-अलग लूट के मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह बाहरी राज्यों से आने वाले ठेकेदारों को मजदूर उपलब्ध कराने का झांसा देकर सुनसान स्थानों पर बुलाता था और वारदात को अंजाम देता था। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!