‘गलती से पैसे ट्रांसफर’ का झांसा देकर 95 हजार की ठगी, साइबर ठगों का नया तरीका


बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। शहर में साइबर ठगी के मामलों में नया ट्रेंड सामने आया है, जहां ठग भावनात्मक तरीके से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामले में भारतीय नगर निवासी एक युवक से ‘गलती से पैसे ट्रांसफर’ का झांसा देकर 95 हजार रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित रितेश वर्मा को 16 अप्रैल की सुबह एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने पहले परिवार का हालचाल पूछकर अपनापन दिखाया और भरोसा जीतने के लिए यूपीआई के माध्यम से 10 रुपये भी भेजे। इसके बाद उसने कहा कि गलती से उसके खाते से 45 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं और उन्हें वापस करने का अनुरोध किया।
भरोसे में आए रितेश ने बताए गए यूपीआई नंबर पर 45 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके कुछ देर बाद ठग ने फिर 50 हजार रुपये गलती से भेजने की बात कही और तकनीकी समस्या का हवाला देकर वह रकम भी वापस मंगा ली। इस तरह अलग-अलग किस्तों में कुल 95 हजार रुपये की ठगी कर ली गई।
बताया जा रहा है कि ठगी की राशि ग्वालियर स्थित एटीएम से निकाल ली गई। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा कर किसी भी प्रकार का ऑनलाइन लेन-देन न करें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!