
बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। जूना बिलासपुर क्षेत्र में मामूली विवाद के दौरान धक्का लगने से गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग पिछले 20 दिनों से कोमा में हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा जोड़ दी है।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा नगर निवासी गणेश यादव 26 मार्च को कालिका पान ठेले पर काम करने गए थे। सुबह करीब 10:30 बजे इंद्र पटेल उर्फ बड़े गुड्डू वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए गणेश यादव को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वे सिर के बल जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर रायपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां वे वेंटिलेटर पर हैं और कोमा में हैं।
घायल की पत्नी जमुना यादव की शिकायत पर प्रारंभ में साधारण मारपीट का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में चोट को जानलेवा पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ दी है।
