
बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। जिले के बिल्हा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौशरी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने चलती मोटरसाइकिल पर खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना में युवक करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय मंजीत जायसवाल शनिवार को घर से बुलेट मोटरसाइकिल लेकर निकला था। रास्ते में उसने एक पेट्रोल पंप से प्लास्टिक के डिब्बे में पेट्रोल लिया। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद उसने खुद पर पेट्रोल डाल लिया और माचिस से आग लगा ली। आग लगते ही वह जलती हालत में बाइक चलाते हुए आगे बढ़ता रहा, जिसे देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए युवक को रोककर आग बुझाई और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसे युवक का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
बयान में अलग दावा, जांच जारी
पुलिस ने युवक का मरणासन्न बयान दर्ज किया है, जिसमें उसने दावा किया है कि बाइक में स्पार्किंग के कारण आग लगी। हालांकि, घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न चर्चाएं चल रही हैं और कुछ लोग प्रेम प्रसंग को संभावित कारण बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद ही घटना का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पेट्रोल पंप की भूमिका की भी जांच
जानकारी के मुताबिक, युवक ने घटना से पहले एक पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल खरीदा था, जो नियमों के विरुद्ध है। इस मामले में पंप संचालक से भी पूछताछ की जा रही है। यदि लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने जली हुई मोटरसाइकिल और घटनास्थल से अन्य सामग्री जब्त कर ली है तथा पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
