

बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से महिला जागृति समूह बिलासपुर एवं गार्गी फाउंडेशन द्वारा संचालित प्याऊ सेवा का शुभारंभ अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर किया गया। पिछले पांच वर्षों से जारी यह सेवा इस वर्ष भी ग्रीष्मकाल भर निरंतर संचालित की जाएगी।

कार्यक्रम के तहत राहगीरों को ठंडा पेयजल एवं शरबत वितरित किया गया। आयोजकों ने बताया कि बढ़ते तापमान को देखते हुए यह पहल लोगों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे राहगीरों, मजदूरों और जरूरतमंदों को सीधे लाभ मिल सके।
इस सेवा का संचालन महिला जागृति समूह की अध्यक्ष एवं संस्थापिका डॉ. ज्योति सक्सेना तथा गार्गी फाउंडेशन की अध्यक्ष बिंदु सिंह कछुवाहा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सहयोग प्रदान किया।
सक्रिय सहभागिता और सराहना

सेवा कार्य में प्रमुख रूप से शोभा गुप्ता, रेनू रानी गौतम, अनीता दुआ, उषा भांगे, पद्मजा सिंह, जय श्री साहू, डॉ. अलका यादव, भूमिका डोड़ेजा, सरिता सराफ, सीता गुप्ता, हेमा सिंह, प्रीति मिश्रा, चांदनी भारद्वाज, चंदा सोनी, ममता साहू, रानी त्रिभुवन नाथ सिंह, पूजा सिंह, विनीता वैद्य, सुमिता दास गुप्ता सहित अनेक महिलाओं की भागीदारी रही। समाजसेवी चंचल सलूजा की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा एवं वरिष्ठ समाजसेवी प्रीति मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और इन्हें व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

वाटर कूलर का लोकार्पण

इस अवसर पर आर.एस.के. क्रिकेट अकादमी के बच्चों के लिए गार्गी फाउंडेशन के संरक्षक नरेंद्र सिंह कछवाहा द्वारा प्रदत्त वाटर कूलर का भी उद्घाटन किया गया। आयोजकों ने उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने संदेश दिया कि “जल ही जीवन है” और बढ़ती गर्मी के मद्देनजर ऐसे सेवा कार्य अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने आमजन से भी सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सहयोग करने की अपील की।
