
बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में घर की आलमारी से नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी की गई राशि में से 2,000 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जूनी लाइन निवासी अनिल कुमार तिवारी ने 18 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर की छत के रास्ते अंदर घुसा। पड़ोसी महिला ने फोन कर इसकी सूचना दी थी। बाद में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान शिवा यादव के रूप में की गई, जो पूर्व में प्रार्थी के घर में काम कर चुका था।
प्रार्थी ने घर की जांच करने पर पाया कि आलमारी खुली हुई है और उसमें रखे 10,000 रुपये नगद चोरी हो चुके हैं। मामले में सिटी कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोंडपारा स्थित साईं मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी शिवा यादव (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी की रकम में से 8,000 रुपये खर्च कर चुका है, जबकि शेष 2,000 रुपये उसके पास से बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
