बारात में विवाद के बाद मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार; एक गंभीर घायल

शशि


जांजगीर-चांपा, 19 अप्रैल 2026। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौना में बारात के दौरान बाजा बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में कई बाराती घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल को ग्राम खोखरा निवासी देवराज बरेठ बारात के साथ ग्राम पौना पहुंचे थे। स्कूल पारा के पास बाराती नाच-गाना कर रहे थे, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और बाजा बंद करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौच और फिर मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि आरोपियों ने बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे मनेश्वर यादव सहित अन्य लोगों को भी निशाना बनाया गया। इस दौरान प्रार्थी देवराज बरेठ के सिर पर गंभीर वार किया गया, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा। घटना में धनंजय यादव की आंख में भी गंभीर चोट आई।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां से धनंजय यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिम्स अस्पताल, बिलासपुर रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने नरेन्द्र उर्फ लालू नंगरा कश्यप (24 वर्ष), सरोज कश्यप (20 वर्ष), विमल कश्यप (22 वर्ष) और संजय कश्यप (27 वर्ष), सभी निवासी ग्राम पौना, थाना मुलमुला, को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!