पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में सट्टा लिखते आरोपी गिरफ्तार, नगदी व मोबाइल जब्त


बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। जिले के तारबाहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सट्टा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी, मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल 14,500 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में सटोरियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना तारबाहर की टीम को सट्टा गतिविधियों पर निगरानी के लिए लगाया गया था।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुराना बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति लोगों को पैसे का लालच देकर अंकों पर सट्टा लगा रहा है और सट्टा पट्टी लिख रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपी के पास से दो सट्टा पट्टियां, 4,500 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल में व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा संबंधित लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 14,500 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने सुशांत गुलहरे (43 वर्ष), निवासी टिकरापारा, मन्नू चौक, बिलासपुर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!