मरहीमाता क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का प्रहार, छह आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर, 19 अप्रैल 2026। जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 162 लीटर महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 77,400 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, भनवारटंक स्थित प्रसिद्ध मरहीमाता मंदिर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। यह क्षेत्र घने जंगलों और पहाड़ी भू-भाग से घिरा होने के कारण तथा चौकी से लगभग 50 किलोमीटर दूर होने के चलते शराब कारोबारियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया था। रविवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का फायदा उठाकर आरोपी शराब की बिक्री कर रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बेलगहना पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की। पुलिस टीम ने ग्रामीण श्रद्धालुओं का वेश धारण कर पिकअप वाहन से मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जिससे आरोपियों को पुलिस की भनक नहीं लग सकी। छापेमारी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर शराब बेच रहे छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
कार्रवाई में मो. आसीफ उर्फ लवि खान (30 वर्ष), दीपक पासी (40 वर्ष), गोरेलाल सुल्तान (50 वर्ष), रंजीत सोनी उर्फ जीत सोनी (18 वर्ष 3 माह), करीम खान (29 वर्ष) और जशवंत सिंह (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपियों से क्रमशः 20, 50, 22, 20, 20 और 30 लीटर महुआ शराब जब्त की। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसका उपयोग शराब परिवहन में किया जा रहा था।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस कार्रवाई में बेलगहना चौकी के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!