
बिलासपुर, 18 अप्रैल 2026।
शहर के जूना बिलासपुर क्षेत्र में पान ठेला के पास हुई मारपीट के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंद्र पटेल उर्फ बड़े गुड्डू (50 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, जूना बिलासपुर के रूप में हुई है।
विवाद के बाद हुई मारपीट
मामले की शिकायत श्रीमती जमुना यादव (55 वर्ष) ने 28 मार्च 2026 को सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके पति गणेश यादव जूना बिलासपुर स्थित कालिका पान ठेला में कार्यरत हैं।
26 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी इंद्र पटेल ठेला पर पहुंचा और गणेश यादव से विवाद करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट करते हुए जोर से धक्का दे दिया।
सिर में गंभीर चोट, कोमा में भर्ती
धक्का लगने से गणेश यादव जमीन पर गिर गए और उनके सिर के पीछे गंभीर चोट आई। घटना के बाद ठेला संचालक द्वारा उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है, जहां वे कोमा की स्थिति में हैं।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने प्रारंभ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3) के तहत मामला दर्ज किया था। बाद में चिकित्सकीय रिपोर्ट में चोट को गंभीर और जानलेवा पाए जाने पर धारा 109 भी जोड़ी गई।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने आरोपी को हुलिए के आधार पर तलाश कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 17 अप्रैल 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
