

बिलासपुर, 17 अप्रैल। शहर में अव्यवस्थित ऑटो संचालन और बढ़ती शिकायतों के मद्देनजर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाकर ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में की गई।
यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान के दौरान शहर में संचालित पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों की सघन जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, वहीं कई चालकों को कड़ी हिदायत देकर छोड़ा गया।
अभियान के तहत ऑटो चालकों को खाकी यूनिफॉर्म पहनना, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य बताया गया। साथ ही क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, नो-एंट्री और नो-पार्किंग में वाहन नहीं चलाने तथा सार्वजनिक मार्गों पर अव्यवस्थित तरीके से ऑटो खड़ा या संचालित नहीं करने के निर्देश दिए गए। इलेक्ट्रिक ऑटो में स्पष्ट और निर्धारित मानकों के अनुसार नंबर प्लेट प्रदर्शित करने की भी सख्त हिदायत दी गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि बार-बार समझाइश और बैठकों के बावजूद कई ऑटो चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आम नागरिकों की ओर से भी अव्यवस्थित ऑटो संचालन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य ऑटो चालकों में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना है।
साथ ही ऑटो यूनियन और संगठनों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने सदस्यों को नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें और यातायात पुलिस की कार्रवाई में सहयोग करें, ताकि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
