नकली ‘गोल्ड फ्लेक’ सिगरेट का बड़ा भंडाफोड़: 4.74 लाख का माल जब्त, आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। शहर में नकली सिगरेट के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस और ITC लिमिटेड की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर लाखों रुपये कीमत की नकली ‘गोल्ड फ्लेक’ सिगरेट जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को मिली सूचना के आधार पर नगर निगम कॉलोनी, महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित एक किराए के गोदाम में दबिश दी गई। जांच के दौरान गोदाम में रखे कार्टनों में नकली ‘गोल्ड फ्लेक’ सिगरेट का स्टॉक पाया गया, जिसे आरोपी फेरी कर बाजार में बेचता था।
इस कार्रवाई में 4 कार्टन में कुल 1220 डिब्बी नकली सिगरेट जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 74 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में पुलिस ने रोशन चांदवानी (26 वर्ष), निवासी गौरव पथ क्षेत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 349 के साथ ही कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63, 64 एवं ट्रेड मार्क अधिनियम 1999 की धारा 104 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया है। अधिकारियों ने बताया कि नकली ब्रांडेड उत्पादों के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!