बिलासपुर नगर निगम का 1301 करोड़ का बजट पास, शहर सरकार को अपने भविष्य की भी चिंता, मानदेय बढ़ाने और आजीवन पेंशन की वकालत


बिलासपुर। नगर निगम की दूसरी सामान्य सभा में पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के बीच 1301 करोड़ रुपए से अधिक का बजट पारित कर दिया गया। इस दौरान शहर के विकास के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के हितों से जुड़े कई प्रस्ताव भी चर्चा के केंद्र में रहे।


महापौर पूजा विधानी ने बजट पेश करते हुए कहा कि यह केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्मार्ट सिटी सुविधाओं, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। सभा में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण से संबंधित प्रस्ताव पारित कर राज्य शासन को भेजने का निर्णय भी लिया गया।


पार्षदों के मानदेय और पेंशन पर भी चर्चा


सामान्य सभा में पार्षदों को सांसद और विधायकों की तर्ज पर आजीवन पेंशन देने, मानदेय बढ़ाने और पार्षद निधि की राशि में वृद्धि करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस मुद्दे को लेकर सदन में काफी बहस हुई।
क्रिकेट स्टेडियम के लिए जमीन पर सहमति
मंगला क्षेत्र में क्रिकेट स्टेडियम के लिए 12 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। इसे शहर के खेल विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।


प्रश्नकाल में हंगामा, पक्ष-विपक्ष में तीखी बहस


प्रश्नकाल के दौरान मेयर निधि के उपयोग और गंदे पानी की सप्लाई को लेकर जमकर हंगामा हुआ। इसी बीच अवैध निर्माण के मुद्दे पर सभापति ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
इस दौरान महापौर पूजा विधानी और कांग्रेस पार्षद शहजादी कुरैशी के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। शहजादी कुरैशी ने बजट को “पुराना बजट, नई पैकेजिंग” बताते हुए तंज कसा।


बजट के प्रमुख प्रावधान


स्मार्ट सिटी और डिजिटल पहल
शहर में फ्री वाई-फाई शुरू करने की योजना
विद्यार्थियों को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में मदद
महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं
छात्राओं को मुफ्त सेनेटरी पैड
हर जोन में पिंक टॉयलेट
पिंक गार्डन विकसित करने की योजना
सौंदर्यीकरण और हरियाली
चौक-चौराहों और डिवाइडर के सौंदर्यीकरण पर 12 करोड़ रुपए
हरियाली बढ़ाने के लिए 5 करोड़ रुपए का प्रावधान
व्यापारियों के लिए राहत
स्मार्ट वेंडिंग जोन और फूड स्ट्रीट का निर्माण
छोटे कारोबारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना
बुनियादी ढांचे का विकास
30 करोड़ रुपए से अधिक सड़कों और नालियों के निर्माण पर खर्च
कुल मिलाकर बजट में विकास कार्यों के साथ सामाजिक और आर्थिक पहलुओं को भी शामिल किया गया है, लेकिन विपक्ष ने इसे पुरानी योजनाओं का दोहराव बताते हुए सवाल उठाए हैं। वहीं, निगम प्रशासन का दावा है कि यह बजट शहर के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!