

बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पैसे नहीं देने पर युवक पर कांच की शीशी से हमला कर उसे घायल कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अनिल श्रीवास (38), निवासी जूना बिलासपुर बनियापारा ने 11 अप्रैल को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि घटना रात करीब 8 बजे बिलासा चौक की है, जहां वह बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी दीपक केंवट (32), निवासी पचरीघाट, जूना बिलासपुर वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।
प्रार्थी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने कांच की शीशी से प्रार्थी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया और उसके सिर से खून निकलने लगा।
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत धारा 119(1), 296, 115(2), 351(3), 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर पचरीघाट क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
