

बिलासपुर। सिविल लाइन पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल महावीर में दबिश देकर जुआ खेलते 8 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 44 हजार रुपए नगद भी बरामद किए हैं। इस मामले में जुआरियों के साथ ही होटल संचालक को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल महावीर के कमरा नंबर 215 में जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर ACCU और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कमरे में मौजूद 8 जुआरियों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में कस्तूरबा नगर निवासी महेश सिंह (38), हीरालाल पाल (41), अक्की जायसवाल (28), छोटू सिंह (20), संदेश मसीह (40), अनिल कुमार वर्मा (30), आकाश भोई (39) तथा शांति नगर निवासी विशाल छाबड़ा (40) शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि जुआ खेलने के लिए होटल का कमरा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर बुक कराया गया था। पुलिस के अनुसार होटल संचालक एस.के. सिन्हा को इस अवैध गतिविधि की पूरी जानकारी थी। इसके चलते पुलिस ने संचालक को भी मामले में आरोपी बनाया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
