बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: दो बहनें गांजा तस्करी करते गिरफ्तार, 15.78 लाख की संपत्ति जब्त


बिलासपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सगी बहनें हैं, जो नाम बदलकर अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध गांजा बिक्री का काम कर रही थीं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सरकंडा क्षेत्र के पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर में दो महिलाएं गांजा बेच रही हैं। सूचना के आधार पर एसीसीयू एवं थाना सरकंडा की टीम ने संयुक्त रूप से रेड कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी महिलाएं एक कार और स्कूटी में गांजा रखकर बिक्री करते हुए पकड़ी गईं। तलाशी में उनके कब्जे से कुल 6 किलो गांजा, नगद ₹5,98,030, दो मोबाइल, दो घड़ियां, दो स्कूटी और एक कार बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹15,78,030 आंकी गई है।


गिरफ्तार आरोपीयों में मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष) और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष) शामिल हैं। दोनों मूल रूप से जयराम नगर मस्तूरी की रहने वाली हैं और वर्तमान में सरकंडा क्षेत्र में रहकर अवैध कारोबार कर रही थीं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बहनें गांजा बिक्री से होने वाली कमाई से वाहन खरीदकर उसी का उपयोग परिवहन और सप्लाई के लिए करती थीं। बरामद कार उनके एक परिचित की बताई जा रही है, जिसे वे उपयोग में ले रही थीं।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी महिलाओं के खिलाफ पहले से भी मादक पदार्थ से जुड़े मामले दर्ज हैं। फिलहाल, दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!