
शशि मिश्रा

बीती रात नकाबपोश फरसा लेकर घर में घुसा और महिला से सोने की चेन लूटने की कोशिश की। साहसी महिला ने उसे पकड़ लिया तो छीना झपटी करने लगा। इसी दौरान उसके हाथ से फरसा गिरने पर महिला के आंख में चोट आई। महिला बाल-बाल बच गई। पुलिस नकाबपोश का सुराग नहीं लगा पाई है।
बेलगहना चौकी पुलिस के अनुसार, आमागोहन निवासी कल्पना तिवारी पति राकेश तिवारी 60 साल ने रिपोर्ट लिखाई है कि वे अपने पति, बेटा सात्विक व नौकर सुखीराम यादव के साथ रहती है। 6 अप्रैल की सुबह 9 बजे उनके पति और बेटा बिलासपुर गए थे। रात 8 बजे आंगन में वे नौकर के साथ बैठी हुई थी। इसी दौरान बाहर में गाड़ी का दरवाजा बंद होने की आवाज आई।

वे अंदर जाकर डायनिंग रूम में काम करने लगी। घर के अंदर किसी के आने का आहट सुनाई दी तो वह दरवाजे के पास आई तो दीवार के
पीछे परछाई दिखाई दी। आवाज देने पर मुंह में रुमाल बांधे एक व्यक्ति आकर खड़ा हो गया उसके हाथ में फरसा था। नकाबपोश ने उनके मुंह में हाथ रखकर दूसरे हाथ से बाल पकड़ लिया।
महिला ने साहस का परिचय देते हुए नकाबपोश से भीड़ गई और हाथापाई करने लगी। उसके हाथ से फरसा गिर जाने से उनके बाए आंख के उपर चोट आई है। हाथापाई के
दौरान नकाबपोश ने उनके गले से सोने की चेन लूटने के लिए खींचा, जिससे चेन टूटकर नीचे गिर गया। इसी दौरान धक्का देकर नकाबपोश भाग गया। महिला के मुताबिक हमलावर क्रीम कलर का रुमाल बांधा था और काई कलर का फूल शर्ट, क्रीम कलर का लोवर पहना हुआ था। पुलिस ने श्रीमती तिवारी की रिपोर्ट पर अज्ञात नकाबपोश के खिलाफ बीएनएस की धारा 331, 6 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
घर में घूसकर महिला से लूट की कोशिश की सूचना मिलते ही एडीशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह घटनास्थल पहुंच गई। उन्होंने उनके मकान का मुआयना कर उनसे घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने चौकी प्रभारी को शीघ्र नकाबपोश को पकड़ने का निर्देश दिया है।
