

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के पेण्डारी में मामूली विवाद के चलते पड़ोसियों द्वारा धारदार हथियार और लाठी से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 की रात करीब 7:30 बजे प्रार्थी राजा बघेल अपने परिवार के साथ घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर सभी आरोपी एकजुट होकर धारदार हथियार और लाठी लेकर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी को भी मारपीट का शिकार होना पड़ा, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना में उषा बघेल गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका उपचार सिम्स अस्पताल बिलासपुर में जारी है।
मामले में पुलिस ने अर्जुन कुमार बघेल (42), लक्ष्मण बघेल (48), दिलीप बघेल (48), सुमित्रा बघेल (40) सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी पेण्डारी क्षेत्र के निवासी हैं।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना सकरी में अपराध क्रमांक 297/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
