

बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियापारा इलाके में धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार लोहे का चापड़ भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अभय पाण्डेय (26 वर्ष), निवासी टेंगनमाडा चौकी बेलगहना थाना कोटा, हाल मुकाम उदई चौक कतियापारा, ने 6 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:30 बजे प्रार्थिया के घर में घुसकर शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर प्रार्थिया, उसकी बहन और भाभी के साथ मारपीट की।
इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने पास रखे लोहे के धारदार चापड़ से हमला कर घायल कर दिया तथा प्रार्थिया के पैर में दांत से काटकर भी चोट पहुंचाई।
घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 231/26 के तहत धारा 119(1), 333, 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चापड़ जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 भी प्रकरण में जोड़ दी है। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
