

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के गौरवशाली अवसर पर आज जिला ग्रामीण भाजपा कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस उत्सव की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा विधिवत ध्वजारोहण कर की गई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह ने दी स्थापना दिवस की बधाई
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने स्थापना दिवस की बधाई देते हुए पार्टी के इतिहास और बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही है कि आज यह विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बना है। श्री सिंह ने जोर देकर कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की पैठ मजबूत करना और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही स्थापना दिवस का वास्तविक उद्देश्य है।

मुख्य वक्ता के रूप में विधायक सुशांत शुक्ला का संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक संकल्प है। उन्होंने कहा कि 1980 में अपनी स्थापना से लेकर आज तक पार्टी ने अंत्योदय के जिस पथ को चुना था, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वह साकार हो रहा है। श्री शुक्ला ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के समर्पण की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगामी सांगठनिक कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया।
जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने स्थापना दिवस पर पार्टी द्वारा मंडल से बूथ स्तर पर मनाये जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी के ध्वजारोहण और महान विभूतियों के तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान भारत माता की जय और भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारों से परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर जिला ग्रामीण भाजपा के सभी प्रमुख पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, सक्रिय कार्यकर्ता और भारी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए मिठाई वितरण कर खुशियाँ मनाई गईं
