दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, स्वास्थ्य के प्रति सजगता और संतुलित जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

बिलासपुर – 07 अप्रैल’ 2026

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चिकित्सा विभाग द्वारा आज विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना के उपलक्ष्य में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

आज के बदलते परिवेश में असंतुलित खानपान, बढ़ते प्रदूषण, व्यस्त दिनचर्या एवं मानसिक तनाव के कारण हृदय रोग, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में यह दिवस रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का महत्वपूर्ण संदेश देता है।

इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के केन्द्रीय चिकित्सालय बिलासपुर, मण्डल चिकित्सालय रायपुर, उपमंडल चिकित्सालय चरोदा (भिलाई) एवं पॉलीक्लिनिक मोतीबाग (नागपुर) सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में “स्वास्थ्य के लिए एकजुट हों, विज्ञान के साथ खड़े रहें” थीम पर जागरूकता अभियान, स्वच्छता अभियान एवं स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला गया, जिसमें फल, हरी सब्जियाँ, अनाज एवं प्रोटीन युक्त भोजन को दैनिक जीवन में शामिल करने की सलाह दी गई। साथ ही, प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम या शारीरिक गतिविधि को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

स्वच्छता को स्वास्थ्य का आधार बताते हुए नियमित हाथ धोने, स्वच्छ जल के उपयोग एवं साफ-सफाई बनाए रखने के महत्व पर भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त नींद, तनाव प्रबंधन तथा योग एवं ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत एक जागरूकता नाटक का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वच्छता, संतुलित आहार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से कर्मचारियों एवं उपस्थित जनों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

चिकित्सा विशेषज्ञों ने समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, आवश्यक टीकाकरण एवं नशीले पदार्थों से दूर रहने को भी स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित यह पहल रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अंततः यह संदेश दिया गया कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है” और स्वस्थ व्यक्ति ही एक सक्षम एवं समृद्ध समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!