

मुंगेली। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 169 पाव देशी प्लेन शराब और चार दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अवैध शराब बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
दिनांक 06 अप्रैल 2026 को पुलिस ने गर्ल्स स्कूल के पीछे नाला के पास से आरोपी जैनेन्द्र उर्फ पिंकू साहू (40 वर्ष) निवासी कबीर वार्ड मुंगेली के कब्जे से 40 पाव देशी शराब तथा एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की। वहीं खर्राघाट भैरव मंदिर के पास से पप्पू तंबोली (35 वर्ष) निवासी बड़ा बाजार मुंगेली के पास से 41 पाव देशी शराब और एक बिना नंबर की प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इसी तरह मारवाड़ी मुक्तिधाम के पास से अनिल उर्फ पकऊ महिलांग (37 वर्ष) निवासी अंबेडकर वार्ड पड़ाव चौक मुंगेली के कब्जे से 44 पाव देशी शराब और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा रेहुंटा मोड़ परमहंस वार्ड से अनिल सारथी (27 वर्ष) निवासी खर्रीपारा मुंगेली के पास से 44 पाव देशी शराब और एक डियो स्कूटी जब्त की गई।
चारों आरोपियों से कुल 169 पाव देशी प्लेन शराब (30.42 बल्क लीटर) कीमत 13,520 रुपये तथा चार दोपहिया वाहन कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये जब्त किए गए। कुल जब्त सामग्री की कीमत 1,63,520 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जब्त किए गए वाहनों के राजसात की कार्रवाई भी की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित सिटी कोतवाली मुंगेली की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
