रतनपुर पुलिस की कार्रवाई: 141 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

यूनुस मेमन


रतनपुर, बिलासपुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कोचिये को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 141 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, थाना प्रभारी रतनपुर के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
दिनांक 06 अप्रैल 2026 को थाना रतनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सीस में एक व्यक्ति अवैध रूप से भारी मात्रा में महुआ शराब बनाकर बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सीस में दबिश दी। आरोपी दुलार साय उर्फ भोला पोर्ते (33 वर्ष) निवासी कोसाबाड़ी सीस के घर के पीछे स्थित बाड़ी की तलाशी लेने पर 141 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 28,200 रुपये है, तथा शराब बनाने के उपकरण (बर्तन) बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक संजय यादव और आरक्षक आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!