
बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में वन विभाग के एक गार्ड पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। गाली देने से मना करने पर दो युवकों ने गार्ड के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मैट्रिक चौक निवासी कन्हैया दिवाकर, पिता उमेद दास दिवाकर, वन विभाग में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। 4 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे वे अपने घर के पास बैठे थे। इसी दौरान ओम लहरे और अन्नु बंजारे वहां पहुंचे और उनसे गाली-गलौज करने लगे।
जब कन्हैया दिवाकर ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो दोनों आरोपी भड़क गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे गार्ड के सीने, दोनों गाल और माथे पर चोटें आईं।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 351(3) सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
