
शशि मिश्रा
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही जान चली गई, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लोकबंध निवासी अजय रात्रे (40) सोमवार 6 अप्रैल की शाम करीब पौन 7 बजे लोरमी रोड से कोटा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान लमकेना के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि अजय रात्रे के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोटा थाना प्रभारी नरेश चौहान ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।
