

सरिया | संवाददाता (बनवारी लाल केवट)
सरिया। सरिया पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 18 जिंदा कारतूस और एक कार जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को कंचनपुर बैरियर पर नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रायगढ़ की ओर से आ रही सफेद रंग की आई-10 कार (क्रमांक UP 65 DA 5833) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और 18 जिंदा राउंड बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कविराज चौहान (36) निवासी गाजीपुर, उत्तरप्रदेश और अजय यादव (30) निवासी प्रयागराज, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पिस्टल और कारतूस प्रयागराज से अवैध रूप से खरीदे थे और जगन्नाथ पुरी घूमने जा रहे थे।
हथियार के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पिस्टल, कारतूस और कार को जब्त कर Arms Act 1959 की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पांडेय और डीएसपी संतोषी ग्रेस के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में की गई। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
