महिला उत्पीड़न के आरोप में आईपीएस रतनलाल डांगी निलंबित, यौन उत्पीड़न आरोपों की जांच जारी

शशि मिश्रा


रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आईपीएस रतनलाल डांगी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके आचरण से जुड़े एक मामले के प्रारंभिक परीक्षण के बाद की गई है। बताया जा रहा है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ कथित आपत्तिजनक फोटो और एक महिला द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है।
गृह (पुलिस) विभाग द्वारा 26 मार्च 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया अधिकारी का व्यवहार सेवा की अपेक्षित गरिमा और मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। आदेश में यह भी उल्लेख है कि उनके आचरण से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हुई है। सरकार ने अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम, 1968 के तहत कार्रवाई प्रारंभ की है।


निलंबन अवधि के दौरान रतनलाल डांगी को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर से संबद्ध किया गया है और उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों के अनुसार, विभागीय जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर तय की जाएगी।
क्या है पूरा मामला
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, करीब पांच महीने पहले ही उन्हें आईजी पद से हटा दिया गया था। यह पूरा मामला अक्टूबर 2025 में दर्ज एक शिकायत से जुड़ा है, जिसमें एक महिला ने उन पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।


शिकायत के मुताबिक, महिला की मुलाकात वर्ष 2017 में कोरबा में हुई थी, जब डांगी वहां पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। शुरुआती संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से हुआ, जो बाद में नियमित बातचीत में बदल गया।
महिला का आरोप है कि समय के साथ अधिकारी द्वारा संपर्क बनाए रखने के लिए दबाव बनाया गया। साथ ही, मिलने के लिए बुलाने और मना करने पर उसके पति के तबादले की धमकी देने की भी बात शिकायत में कही गई है। महिला ने अपने दावों के समर्थन में कुछ डिजिटल साक्ष्य होने का दावा किया है।
फिलहाल मामले में आरोपी अधिकारी की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सरकार का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!